Saturday, 19 September 2015

परिवहन मंत्री ने निजी बस ऑपरेटर्स को दी 'राजस्थान लोक परिवहन सेवा' के प्रावधानों की जानकारी


28 सितम्बर से 2  अक्टूबर तक चलाए जाने वाले सड़क सुरक्षा अभियान में मांगा सहयोग

जयपुर। परिवहन एवं सार्वजनिक निर्माण मंत्री यूनुस खान ने शनिवार को राज्य भर के स्टेट कैरेज एवं कॉन्टे्रेक्ट कैरेज निजी बस ऑपरेटर्स के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें राज्य में अराष्ट्रीयकृत 476 मार्गों पर निजी बस ऑपरेटर्स के सहयोग से प्रारम्भ की जाने वाली 'राजस्थान लोक परिवहन सेवा' के प्रावधानों की जानकारी दी, उनकी समस्याएं जानीं एवं रचनात्मक सुझावों पर चर्चा की।

खान ने निजी बस ऑपरेटर्स को बताया कि हाल ही में सरकार ने 476 राष्ट्रीयकृत मार्गों,  जिन पर केवल रोडवेज की बसें ही चला करती थीं, का अराष्ट्रीयकरण कर इन पर यात्रियों की सुविधा के लिए खाली स्कोप में (जहां रोडवेज बसें नहीं चलतीं) निजी बसें चलाए जाने के लिए नई सेवा 'राजस्थान लोक परिवहन सेवा' का गठन किया है। प्रारम्भ में सीकर, जयपुर और बीकानेर के 30 मार्गों के लिए परमिट के आवेदन मांगे जा रहे हैं। जल्द ही अन्य मार्गों के लिए भी आवेदन मांगे जाने हैं।

परिवहन मंत्री ने बस ऑपरेटर्स को बताया कि बसों का रंग आदि तय कर दिया गया है, परमिट पांच वर्ष के लिए जारी होगा, नए वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी लेकिन दो वर्ष से अधिक पुराना पंजीयन मान्य नहीं होगा, वाहन बदलने की स्थिति में नया वाहन ही मान्य होगा।
श्री खान ने बताया कि प्रथम चरण में न्यूनतम 37 सीटर बसों को ही परमिट दिए जाएंगे। इनकी सीटें आरामदायक, पुश बैक प्रकार की होनी चाहिए। इनका किराया भी रोडवेज के समकक्ष निर्धारित होगा। ये बसें निर्धारित बस स्टेण्ड से ही संचालित की जा सकेंगी तथा समय सारणी भी रोडवेज बसों के समय को यथावत रखते हुए तय की जाएंगी।

परिवहन मंत्री ने बताया कि आवश्यकतानुसार प्रावधानों में बदलाव किया जा सकेगा।  इन मार्गों के अतिरिक्त बजट घोषणा के अनुरूप 1500 नए मार्ग और खोले जाएंगे। इस सेवा का नाम, मार्ग, बसों का रंग और सेवा के प्रावधान आदि तय किए जा रहे हैं। उन्होंने इसके लिए बस ऑपरेटर्स से सुझाव भी मांगे। परिवहन मंत्री ने स्टेट कैरिज एवं कॉन्टे्रक्ट कैरिज संगठनों के 5-5 प्रतिनिधियों की एक समिति बनाने के निर्देश दिए जो रचनात्मक सुझाव देगी।

बैठक के बाद पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए परिवहन मंत्री ने कहा कि निजी बस ऑपरेटर्स के साथ हुई बैठक का उद्देश्य 'राजस्थान लोक परिवहन सेवा' के बारे में पूरी जानकारी देकर किसी भी भ्रान्ति को समाप्त करना तथा विश्वास का माहौल बनाना था ताकि राज्य की जनता तक सस्ती एवं सुलभ परिवहन सेवा जल्द से जल्द पहुंचाई जा सके। परिवहन मंत्री ने राज्य में 28 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे सड़क सुरक्षा अभियान में सभी निजी बस ऑपरेटर्स का सहयोग भी मांगा।
Earn upto Rs. 9,000 monthly by reading Emails. Join now!

No comments:

Post a Comment